• Tue. Jul 7th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

हादसे ने छीना आस्था यात्रा का सुख, हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, महिला की मौत, चार घायल

ByTen News One Desk

Jun 13, 2025
389 Views

हादसे ने छीना आस्था यात्रा का सुख, हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, महिला की मौत, चार घायल



टेन न्यूज।। 13 जून 2025 ।। पप्पू अंसारी,  मीरानपुर कटरा/शाहजहाँपुर


शुक्रवार सुबह कटरा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में आस्था यात्रा पर निकले श्रद्धालु परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। आंवला स्थित मनौना धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कार हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। भीषण टक्कर में कार सवार महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा तड़के बिजलीघर के पास हुआ, जब कार ने ओवरटेक कर रहे एक ट्रक से बचने की कोशिश की, लेकिन असंतुलन में साइड में खड़े एक अन्य ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग भीतर ही फंस गए।

कार में सवार जनपद मऊ के थाना मधुबन अंतर्गत कटघर निवासी राधेश्याम (50), उनकी पत्नी संगीता देवी (45), पुत्र रोहित (22), पड़ोसी शिवम (22), गायत्री देवी (50) और सपना (20) शामिल थे। यह सभी लोग मनौना धाम दर्शन के लिए मऊ से गुरुवार शाम को निकले थे।

हादसे के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर कटरा सीएचसी भेजा गया। डॉक्टरों ने संगीता देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक अंकित, राधेश्याम, रोहित और शिवम घायल हुए हैं। घायलों का सीएचसी में प्राथमिक उपचार और ड्रेसिंग की गई।

वहीं, मृतका की पड़ोसी गायत्री देवी और उनकी पुत्री सपना इस भीषण हादसे में बाल-बाल बच गईं।

मृतका के बेटे रोहित ने बताया कि उनकी मां को लंबे समय से पैरों में दर्द की शिकायत थी और वह आस्था से जुड़े मनौना धाम जाकर दो बार दर्शन कर चुकी थीं, जिससे उन्हें आराम मिला था। इस बार भी पूरे परिवार के साथ वह मनौती लेकर निकली थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए शाहजहांपुर भेज दिया अग्रिम कार्रवाई प्रार्थना पत्र मिलने पर की जाएगी ।

यह हादसा न सिर्फ एक परिवार की खुशियों पर भारी पड़ा, बल्कि हाईवे पर खड़े ट्रकों की अव्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!