• Tue. May 5th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अयोध्या दीपोत्सव 2025: सीएम योगी ने रथ खींचा, आरती उतारी, जय श्रीराम से गूंजा रामकथा पार्क

ByTen News One Desk

Oct 20, 2025
216 Views

अयोध्या दीपोत्सव 2025: सीएम योगी ने रथ खींचा, आरती उतारी, जय श्रीराम से गूंजा रामकथा पार्क



टेन न्यूज़, अयोध्या, 19 अक्तूबर 2025।


अयोध्या में भव्य दीपोत्सव 2025 के आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम के राज्याभिषेक समारोह में रथ खींचा, आरती उतारी और भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं गुरु वशिष्ठ का तिलक किया। रामकथा पार्क जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप पहुंचे, जिन्होंने पूरे माहौल को आध्यात्मिक आभा से भर दिया। प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह, राकेश सचान और सतीश शर्मा, राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और रामनगरी के संत महंतों ने भी आरती में भाग लिया।

समारोह में हजारों संत, महंत, श्रद्धालु और पर्यटक शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी ने राम जानकी की वंदना और भरत मिलाप के साथ भगवान के स्वरूपों का स्वागत किया। दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी पर दीयों में बाती डालने और सरसों का तेल भरे जाने का कार्य शुरू हो गया है।

सीएम योगी ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और प्रभु श्रीराम से सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व शांति, एकता और सद्भाव का संदेश देता है और सामाजिक सौहार्द को बढ़ाता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के उपरांत अयोध्या आगमन और रामराज के शुभारंभ की स्मृति स्वरूप दीपावली का पर्व मनाया जाता है। राज्य सरकार दीपोत्सव के आयोजन के माध्यम से अयोध्या की गौरवशाली परंपरा को पुनर्प्रतिष्ठित कर, संपूर्ण विश्व समुदाय को अयोध्या की महिमा से परिचित करा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!