• Sat. Apr 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जनता का जनादेश सुशासन के नाम नीतीश कुमार स्थिरता और विकास के आधार: जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भरत पटेल

ByTen News One Desk

Nov 15, 2025
326 Views

जनता का जनादेश सुशासन के नाम नीतीश कुमार स्थिरता और विकास के आधार: जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भरत पटेल


टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर


बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जनता विकास, स्थिरता और सुशासन पर भरोसा करती है। एनडीए की बड़ी जीत पर जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भरत पटेल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को जनता का सच्चा जनादेश बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि विश्वास, प्रशासनिक पारदर्शिता और सामाजिक न्याय की नीतियों की जीत है।

डॉ. पटेल के अनुसार, पिछले तीन दशकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिना किसी भेदभाव के विकास को हर तबके तक पहुँचाया है। उन्होंने कहा, “टाइगर अभी ज़िंदा है केवल नारा नहीं, बल्कि बिहार की जनता की आवाज़ थी, जिसने विरोधियों की सभी आशंकाओं को ध्वस्त कर दिया और यह संदेश दिया कि नीतीश कुमार आज भी जनता के सबसे स्वीकार्य और भरोसेमंद नेता हैं।”

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे विपक्ष कितनी भी रणनीतियाँ क्यों न बनाए, जनता ने हर बार यह सिद्ध किया है कि विकास और स्थिरता उसके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “बिहार आगे बढ़ना चाहता है, और यह आगे बढ़ सकता है केवल एक अनुभवी, संवेदनशील और दूरदर्शी नेतृत्व में—जो नीतीश कुमार ने साबित किया है।”

डॉ. पटेल ने बिहार की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि एनडीए को मिला यह जनादेश भविष्य की जिम्मेदारियों को और अधिक बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करना है।

एनडीए की जीत के बाद डॉ. पटेल ने शाहजहाँपुर स्थित अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। कार्यालय परिसर में पटाखे फोड़े गए, ढोल-नगाड़ों की गूंज से माहौल उत्साहपूर्ण रहा और समर्थकों में मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. पटेल के नेतृत्व और उनकी संगठनात्मक सक्रियता की सराहना करते हुए उन्हें बधाइयाँ दीं।

राजनीतिक उतार–चढ़ाव के बीच डॉ. भरत पटेल जैसे अनुभवी और जमीनी नेताओं की सक्रिय भूमिका संगठन और समाज दोनों को नई ऊर्जा देती है। उनका कहना है कि बिहार अब विकास की नई ऊँचाइयों को छूने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!