Breaking News : सौरिख थाना क्षेत्रगत गृह कलह से तंग आकर युवक ने उठाया खौफनाक कदम, फांसी लगाकर दी जान
टेन न्यूज़ ii 30 मार्च 2026 ii नीरज प्रताप सिंह
छिबरामऊ (कन्नौज)। थाना सौरिख क्षेत्र के ग्राम कर्री (खड़नी) में रविवार को पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र सिंह (28 वर्ष) ने रविवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने ही घर में फांसी के फंदे पर झूलकर जान दे दी।
मृतक की मां चंद्रकली ने बताया कि धर्मेंद्र की शादी इटावा जनपद के भरथना तहसील अंतर्गत नया नगला बहारपुरा निवासी हरनाम सिंह की पुत्री शिवानी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच मनमुटाव रहता था और आए दिन झगड़ा होता था।
मृतक की मां के अनुसार, विवाद का कारण बहू के गांव के ही एक युवक से संबंध बताए जा रहे थे। इस संबंध में उन्होंने कई बार बहू के मायके पक्ष को अवगत कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। रविवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आहत होकर धर्मेंद्र ने यह कदम उठा लिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना सौरिख के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट






