संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत फांसी के फंदे पर लटका मिला शव दो पुत्रियों के सिर से उठा माँ का साया

मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में दी तहरीर
टेन न्यूज़ !! १३ अप्रैल २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सुरान में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के भाई ने इस घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जनपद कानपुर देहात के थाना मंगलपुर निवासी कल्लू पुत्र ओमप्रकाश ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उसकी बहन सुनीता की शादी 24 नवंबर 2017 को कस्बा सुरान निवासी जगदीश प्रसाद कुशवाहा के साथ हुई थी। आरोप है कि शनिवार की रात किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसके बाद सुनीता की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया।
परिजनों के अनुसार घटना से पहले मृतका का अपने ससुर से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। वहीं उसका पति, जो बाहर नौकरी करता है, उस समय घर पर ही मौजूद था। घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका की बड़ी पुत्री अनन्या ने अपनी मां को रविवार की सुबह फंदे पर लटका देखा और इसकी सूचना अपने पिता को दी। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटियां, अनन्या और अंशिका छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है। अतिरिक्त कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, घटना की जांच शुरू कर दी गई है ll
