मीरानपुर कटरा में भीषण अग्निकांड: सैंकड़ो बीघा गेहूं की फसल राख, किसानों की आंखों में आंसू

टेन न्यूज़ !! १४ अप्रैल २०२६ !! पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के पोसिल, पलिया और नबादा गांवों में सोमवार दोपहर भीषण आग लगने से गेहूं की सैकड़ों बीघा फसल जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 500 बीघा से अधिक तैयार फसल नष्ट हो गई, जिससे पचास से अधिक किसान परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे पलिया गांव में खेतों में कम्बाइन मशीन से गेहूं की कटाई चल रही थी। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी ने सूखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते आसपास के खेतों में फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर पहुंचे ग्रामीण भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
आग ने पलिया, पोसिल और नबादा के राजस्व क्षेत्र में करीब एक हजार बीघा भूमि को प्रभावित किया, हालांकि इनमें से लगभग आधे खेतों की कटाई पहले ही हो चुकी थी। फिर भी करीब 500 बीघा में खड़ी गेहूं की तैयार फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। खेतों में खड़ी नरकुल (सूखी घास) ने भी आग को और तेजी से फैलाने में भूमिका निभाई।
ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की, लेकिन दमकल विभाग की गाड़ी करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक किसानों की महीनों की मेहनत धुएं में तब्दील हो चुकी थी। घटना से प्रभावित किसान परिवारों में मायूसी और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
लेखपाल गौरव ने बताया कि आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है। मंगलवार को मौके पर पहुंचकर सर्वे किया जाएगा और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाया जा सके।
