पिपरी गांव के विद्यालय में शिक्षा चौपाल के तहत कार्यक्रम में गूंजी ‘स्कूल चलो’ की आवाज, छात्र-छात्राओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां
टेन न्यूज ।। 14 अप्रैल 2026 ।। पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा, शाहजहाँपुर।
जनपद के विकास खंड कटरा खुदागंज के ग्राम पिपरी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा चौपाल के तहत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवीन शिक्षा सत्र में 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का अधिकाधिक नामांकन सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर “स्कूल चलो रैली” निकालकर ग्रामीणों को निःशुल्क शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम प्रधानाध्यापक ओमदेव शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
छात्र-छात्राओं ने दहेज प्रथा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा का महत्व एवं सामाजिक कुरीतियों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
साथ ही बच्चों द्वारा बनाए गए शैक्षिक मॉडल व उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसकी अतिथियों और शिक्षकों ने सराहना की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा ब्लॉक क्षेत्र के कई शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था में सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सतीश कनौजिया (डीसी), श्रीमती ममता शुक्ला (एसआरजी), अरुण गुप्ता (एसआरजी), धर्मेंद्र प्रताप सिंह (एआरपी), मो. दानिश (एआरपी), विष्णु शर्मा (एआरपी), विनोद सिंह, रविंद्र गंगवार सहित न्याय पंचायत ओखली के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
