औरैया में बाबा साहब की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई, युवाओं में दिखा जोश
टेन न्यूज ।। 14 अप्रैल 2026 ।। रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया: जनपद के अजीतमल विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बीघेपुर व जगतपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय युवाओं व ग्रामीणों ने एक विशाल रैली निकालकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रैली की शुरुआत ग्राम बीसलपुर से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई बल्लापुर होते हुए जगतपुर स्थित आंबेडकर पार्क पर जाकर संपन्न हुई। रैली के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और “जय भीम” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
हालांकि, जयंती समारोह के बीच स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधियों पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी भी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई वर्षों से आंबेडकर पार्क की पुताई, साफ-सफाई एवं रखरखाव का कार्य वे स्वयं अपने खर्च से कर रहे हैं, जबकि यह कार्य पंचायत निधि से होना चाहिए।
युवाओं ने आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा, जो बाबा साहब के सम्मान के विपरीत है। उन्होंने कहा कि गांव के लोग लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं और प्रशासन को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आंबेडकर पार्क के रखरखाव एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि बाबा साहब के सम्मान में किसी प्रकार की कमी न रहे।
औरैया से ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल की खास रिपोर्ट
