किस्तें जमा करने के बावजूद ट्रैक्टर ले जाने का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
टेन न्यूज़ ii 07 मई 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। जनपद इटावा के थाना वकेवर क्षेत्र निवासी एक वृद्ध किसान ने ट्रैक्टर फाइनेंस से जुड़े विवाद में जबरन ट्रैक्टर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित का आरोप है कि फाइनेंस कर्मियों ने किस्तों की रकम लेने के बावजूद उन्हें जमा नहीं किया और बाद में ट्रैक्टर चोरी कर ले गए।
थाना वकेवर क्षेत्र के ग्राम मड़ैयन मल्लाहन अंदावा निवासी श्रीराम पुत्र रामेश्वर दयाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने वर्ष 2024 में अपने पुत्र अमित कुमार के नाम पर आयशर ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 75 एयू 6964 को दिबियापुर रोड स्थित शिव शक्ति आयशर ट्रैक्टर एजेंसी औरैया से फाइनेंस पर खरीदा था।
ट्रैक्टर की खरीद में 1 लाख 50 हजार रुपये एजेंसी मैनेजर योगेंद्र प्रताप सिंह को दिए गए थे, जबकि 5 लाख 48 हजार रुपये का फाइनेंस कराया गया था।
पीड़ित के अनुसार उनके पुत्र ने फाइनेंसर मोहित दुबे और विकास दीक्षित को लगातार पांच किस्तें जमा की थीं। इसके अलावा 50 हजार 700 रुपये की दो अतिरिक्त किस्तें भी दी गईं। आरोप है कि करीब 5 लाख 1 हजार 400 रुपये की रकम फाइनेंस कर्मियों को दी गई, लेकिन उन्होंने किसी प्रकार की रसीद या दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए और रकम एजेंसी में जमा भी नहीं की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 27 मार्च 2026 को मोहित दुबे, विकास दीक्षित समेत सात अज्ञात लोग चार पहिया वाहन से गांव पहुंचे और घर पर किसी के मौजूद न होने का फायदा उठाकर ट्रैक्टर, ट्रॉली और अन्य सामान जबरन उठाकर ले गए। गांव वालों ने घटना की जानकारी परिवार को दी।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा ट्रैक्टर बरामद कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
