• Tue. May 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम कन्नौज ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

ByTen News One Desk

May 19, 2026
7 Views

लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम कन्नौज ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक


टेन न्यूज़ !! १९ मई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
कन्नौज में आगामी लेखपाल भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। इसी को लेकर कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने बताया कि लेखपाल भर्ती परीक्षा 21 मई 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4176 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाए और परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 13 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 5 सेक्टर पुलिस अधिकारी और 3 जोनल पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहेगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच कराई जाएगी और किसी भी प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, छाया, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था और बिजली के वैकल्पिक साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!