कटरा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम![]()
टेन न्यूज़ ii 26 मई 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । कसरक और हुलास नगरा रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान पंकज (30) पुत्र राम सुधार निवासी गांव हतसा, थाना खुदागंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पंकज मंगलवार सुबह घर से किसी काम से निकला था। इसी दौरान कसरक और हुलास नगरा रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पार करते समय वह तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गया है। परिजनों के अनुसार पंकज देहरादून में नौकरी करता था और दो दिन पहले ही घर आया था।
युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।