औरैया झाड़ू लगाते समय पंखे से उतरा करंट, महिला की दर्दनाक मौत, मचा कोहराम![]()
टेन न्यूज़ ii 31 मई 2026 ii रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
लोकेशन: औरैया/बिधूना
औरैया जनपद के बिधूना कस्बे में घर की साफ-सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां झाड़ू लगाते समय पंखे से उतरे करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मोहल्ले में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बिधूना कस्बे के मोहल्ला सूरजपुर निवासी करीब 62 वर्षीय सोमवती पत्नी प्रकाश राठौर शनिवार सुबह अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक पंखे में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गईं। करंट लगने से महिला गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और रिश्तेदारों सहित आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिधूना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की, लेकिन मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।