कन्नौज में 44.92 लाख की साइबर धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार, 20 एटीएम कार्ड समेत सामान बरामद![]()
टेन न्यूज।। 25 अगस्त 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 लाख 92 हजार 250 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 51 हजार 500 रुपये नकद, 20 एटीएम कार्ड, 12 यूनियन बैंक की पासबुक, तीन बायोमैट्रिक डिवाइस और क्लोन किए गए अंगूठे के निशान समेत साइबर अपराध में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम मंयक मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशू पुत्र गजेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम उमगरा, थाना ठठिया, जनपद कन्नौज, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम अलीपुर अहाना निवासी हुस्ना बेगम पत्नी स्वर्गीय हलीम खां ने थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि हाईवे निर्माण में अधिग्रहित भूमि के मुआवजे की धनराशि निकालने और बैंक खाते में जमा कराने के लिए वह आरोपी अंशू के यूनियन बैंक वीसी प्वाइंट पर जाती थीं।
आरोप है कि अंशू ने उनके अंगूठे का क्लोन तैयार कर बैंक खाते में जमा 44 लाख 92 हजार 250 रुपये धोखाधड़ीपूर्वक निकाल लिए। इसके अलावा शिकायतकर्ता द्वारा खाते में जमा कराने के लिए दी गई धनराशि को भी खाते में जमा नहीं किया जाता था और फर्जी जमा रसीद देकर रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली जाती थी।
मामले में थाना साइबर क्राइम पर मुकदमा अपराध संख्या 13/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(5), 318(4), 336(3), 338, 340, 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी अंशू को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी में 51,500 रुपये नकद, तीन मोहर, दो फेविक्रील, चार एम-सील के बंद पैकेट, दो इस्तेमाल की गई एम-सील, एक पैड, दो क्लोन किए हुए अंगूठे के निशान, तीन बायोमैट्रिक डिवाइस, 12 यूनियन बैंक की पासबुक, 20 एटीएम कार्ड, तीन यूनियन बैंक कैश डिपॉजिट फॉर्म, एक एंटी करप्शन मीडिया इन्वेस्टिगेशन कार्ड, एक आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक आयकर विभाग कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना ठठिया में मुकदमा अपराध संख्या 268/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस द्वारा न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ध्यानेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक इमरान खान, मुख्य आरक्षी सलमान खान, आरक्षी ज्ञानेन्द्र सिंह तथा आरक्षी/चालक शिवजीत यादव शामिल रहे।