तिलहर में औषधि विभाग का बड़ा एक्शन, 8 मेडिकल स्टोरों पर छापा![]()
टेन न्यूज ।। 25 अगस्त 2026, अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। औषधि विभाग ने तिलहर नगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ मेडिकल स्टोरों पर एक साथ छापेमारी की। बरेली, बदायूं और पीलीभीत के औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, औषधि विभाग की संयुक्त टीम दोपहर के समय तिलहर पहुंची और अलग-अलग स्थानों पर स्थित मेडिकल स्टोरों पर एक साथ जांच शुरू की। टीम ने मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस, दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित बिल-बाउचर, स्टॉक और दवाओं के रखरखाव की स्थिति की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कुछ दवाओं को लेकर अनियमितताएं मिलने पर अधिकारियों ने विभिन्न दवाओं के नमूने लेकर उन्हें सील कर अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद यदि दवाओं में किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर लाइसेंस निलंबन के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
छापेमारी की खबर से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप
औषधि विभाग की टीम द्वारा एक साथ कई मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी किए जाने की खबर नगर में तेजी से फैल गई। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के कई मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया और कई दुकानों के शटर बंद हो गए।
औषधि विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दवाओं की गुणवत्ता और नियमों के अनुपालन को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में खलबली मची हुई है।