मरीज को छोड़ लौट रही एंबुलेंस पेड़ से टकराई, चालक की मौत![]()
टेन न्यूज।। 01 सितम्बर 2026 ।। राहुल विश्वकर्मा ब्यूरो, महोबा
कुलपहाड़। मरीज को अस्पताल छोड़कर झांसी लौट रही एंबुलेंस सोमवार को भरवारा के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान विनोद तिवारी पुत्र दुर्गा प्रसाद तिवारी, निवासी धनोरा, थाना ककरबई, गुरसराय के रूप में हुई है। बताया गया कि विनोद तिवारी एंबुलेंस के मालिक होने के साथ स्वयं चालक भी थे। मरीज को अस्पताल छोड़ने के बाद वह एंबुलेंस लेकर झांसी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसमें फंस गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना तत्काल 112 पीआरबी को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी कुलपहाड़ पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विनोद तिवारी को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।