कबरई में नो एंट्री में दौड़ रहे ट्रक, दो युवक गंभीर घायल![]()
टेन न्यूज ।। 8 अक्टूबर 2026 ।। राहुल विश्वकर्मा ब्यूरो
महोबा। कबरई कस्बे में नो एंट्री के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहने से सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामले में नो एंट्री में फर्राटा भर रहे ट्रक की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नो एंट्री का पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ाई से पालन नहीं कराया जा रहा है, जिसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि नो एंट्री में ट्रकों के प्रवेश से आम राहगीरों और स्थानीय निवासियों की जान जोखिम में रहती है।
क्षेत्र में पहले भी सड़क हादसे में एक छात्र की जान जा चुकी है। उस घटना के बाद क्षेत्राधिकारी ने नो एंट्री का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक महोबा से नो एंट्री व्यवस्था सख्ती से लागू कराने की मांग की है।