पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, उपचार के दौरान मौत

बिधूना में घटना से परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
टेन न्यूज़ !! ०९ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल | औरैया।
औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र में पत्नी के मायके से वापस नहीं लौटने के कारण परेशान चल रहे एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कई अस्पतालों में ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भदसया निवासी करीब 27 वर्षीय ओमप्रकाश ने बुधवार देर शाम किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल चिचौली रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल से युवक को मिनी पीजीआई सैफई रेफर किया गया। रास्ते में अजीतमल के पास उसकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी से चल रहा था आपसी विवाद
बताया गया है कि ओमप्रकाश का पत्नी अभिलाषा से पिछले कुछ दिनों से आपसी विवाद चल रहा था। इसके चलते अभिलाषा अपने मायके नौली ककोर में रह रही थी और वापस नहीं लौट रही थी। परिजनों के अनुसार, ओमप्रकाश इस बात को लेकर परेशान था। हालांकि, जहरीला पदार्थ खाने के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तीन बच्चों का पिता था मृतक
ओमप्रकाश पेशे से ड्राइवर था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके तीन बच्चे हैं। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।