फर्रुखाबाद में अवैध आतिशबाजी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
दीपावली पर महंगे दामों में बेचने के लिए गैराज में छिपाकर रखे थे पटाखे, लाइसेंस की वैधता भी समाप्त
टेन न्यूज़ !! १० अक्टूबर २०२६ !! तौफीक फारुकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद। दीपावली से पहले कादरी गेट थाना पुलिस ने अवैध रूप से रखी गई भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बेवर रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास डीडी मोटर्स गैराज में की। मामले में विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी(1)(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एफआईआर के अनुसार, 6 अक्टूबर की शाम उपनिरीक्षक अरविंद यादव क्षेत्र में गश्त और कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नारायनपुर में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास स्थित डीडी मोटर्स गैराज में भारी मात्रा में आतिशबाजी छिपाकर रखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा, जहां तीन लोग मौजूद मिले।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश शाक्य और देवेश शाक्य, निवासी मोहल्ला अमीन खां, फर्रुखाबाद तथा राघवेंद्र कुमार उर्फ राघव, निवासी कुईयांबूट के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 11 कार्टून आतिशबाजी, दो स्काईशॉट जैकपॉट, छह बड़ी और दो छोटी फुलझड़ियां बरामद कीं। कार्टूनों में चकरी, रॉकेट, पटाखे, स्काईशॉट और अन्य प्रकार की आतिशबाजी के साथ एक कार्टून में 40 फ्लाइंग कैंडल भी मिलीं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने दीपावली पर अधिक दामों में बेचकर लाभ कमाने के उद्देश्य से आतिशबाजी खरीदी थी और गैराज में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने यह भी बताया कि आतिशबाजी रखने के स्थान पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और संबंधित लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी थी।
पुलिस ने बरामद आतिशबाजी को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दयानंद पटेल को सौंपी गई है।