नवरात्रि पर शाहजहांपुर पुलिस का विशेष अभियान, मंदिरों के आसपास एंटी रोमियो टीमों ने की चेकिंग

टेन न्यूज़ !! 11 अक्टूबर २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क न्यूज़ @ शाहजहांपुर
नवरात्रि पर्व के मद्देनजर शाहजहांपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों की जांच की गई। साथ ही, मंदिरों में आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, अधिकारों और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को बताया कि छेड़छाड़, अभद्रता, पीछा करने या किसी अन्य असहज स्थिति का सामना करने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें। इसके लिए वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई।
इसके अलावा सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार, नवरात्रि के दौरान मंदिरों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि महिलाएं और बालिकाएं सुरक्षित वातावरण में पर्व मना सकें।