कन्नौज में खाद्य विभाग का छापा, पांच नमूने जांच को भेजे

टेन न्यूज़ !! ११ अक्टूबर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, ताजा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को अभियान चलाया। इस दौरान कन्नौज नगर पालिका क्षेत्र और सदर तहसील के बाजारों का निरीक्षण कर पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
यह अभियान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के आदेशों तथा जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में चलाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों सर्वेश कुमार, अरविंद कुमार साहू और विमलेश कुमार ने बाजारों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विशाल मेगामार्ट से रागी के आटे और मखाने के नमूने लिए गए। वहीं, रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट से कुट्टू के आटे, सिंघाड़े के आटे और खुले मूंगफली के नमूने संग्रहित किए गए। विभाग के अनुसार, संदेह के आधार पर नियमानुसार कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इन्हें प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा स्थानीय मंडियों में मिलावटी कुट्टू और सिंघाड़े के आटे की बिक्री रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने खाद्य कारोबारियों और आमजन को नवरात्रि में कुट्टू एवं सिंघाड़े के आटे का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही रंगीन, मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान तथा मिलावट की पहचान के स्थानीय तरीकों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।