बहगुल नदी के कटान से गाजीपुर गांव पर खतरा, दर्जनों एकड़ जमीन नदी में समाई, क्षेत्रीय विधायक पर अनसुनी करने का आरोप![]()
टेन न्यूज ।। 11 अक्टूबर 2026 ।। रिपोर्टर-रजनीश कुमार
उख़ली/शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर की तिलहर तहसील के खुदागंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम गाजीपुर में बहगुल नदी के तेज बहाव से लगातार कटान हो रहा है। इससे ग्रामीणों के सामने खतरा बढ़ता जा रहा है। नदी के तेज बहाव के कारण अब तक दर्जनों एकड़ कृषि भूमि नदी में समा चुकी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।![]()
गांव निवासी दुर्जयपाल का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वह दो बार विधायक वीर विक्रम सिंह से भी गुहार लगा चुके हैं लेकिन उन्होंने ने भी अनसुनी कर दी है। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को भी सूचना दी गई, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ![]()
ग्रामीणों की मांग है कि बहगुल नदी के किनारे पत्थर लगाकर कटान रोकने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि कृषि भूमि को नदी में समाने से बचाया जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटान रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
फिलहाल ग्रामीणों को अभी भी क्षेत्रीय विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से उम्मीद है कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए नदी किनारे पत्थर लगाने का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा, जिससे किसानों की जमीन और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।