• Sun. Oct 11th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

निजी अस्पताल में मृत बच्चे के जन्म के बाद प्रसूता की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

ByTen News One Desk

Oct 11, 2026
4 Views

निजी अस्पताल में मृत बच्चे के जन्म के बाद प्रसूता की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप


टेन न्यूज ।। 11 अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। बिधूना कस्बे के भरथना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में मृत बच्चे को जन्म देने के बाद 24 वर्षीय प्रसूता की हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में उसे कानपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल संचालक और चिकित्सा कर्मियों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बिधूना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी आइशा को बुधवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने भरथना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। बताया गया कि प्रसव के दौरान महिला ने मृत बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। कुछ समय बाद स्थिति सामान्य बताई गई, लेकिन शुक्रवार को अचानक उसकी तबीयत फिर से गंभीर हो गई।

हालत बिगड़ने पर अस्पताल संचालक अपने निजी वाहन से प्रसूता को कानपुर स्थित कार्डियोलॉजी अस्पताल ले गया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। इस दौरान अस्पताल संचालक और परिजनों के बीच तीखी झड़प तथा हाथापाई होने की बात भी सामने आई।

आक्रोशित परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे और अस्पताल संचालक के खिलाफ इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मानकविहीन अस्पतालों के संचालन पर उठे सवाल

इस घटना के बाद बिधूना कस्बे में कथित रूप से मानकों के विपरीत संचालित हो रहे निजी अस्पतालों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर ऐसे अस्पतालों के संचालन और उपचार के दौरान होने वाली घटनाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, संबंधित अस्पताल के मानकों और इलाज में लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार जादौन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!