फरीदपुर में धूमधाम से निकली महाराजा अग्रसेन जयंती की भव्य शोभायात्रा![]()
51 किलो की पीतल प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र, शोभायात्रा के समापन पर मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
टेन न्यूज ।। 12 अक्टूबर 2026 ।। रामवीर, संवाददाता
फरीदपुर (बरेली)। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर फरीदपुर में अग्रवाल समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे मोहल्ला साहूकारा स्थित अग्रवाल सभा भवन से हुआ। इसमें महाराजा अग्रसेन की 51 किलो की पीतल प्रतिमा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
शोभायात्रा में बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों के साथ 18 घोड़ों पर सवार गोत्र स्वरूप शामिल रहे। सबसे आगे भाला लेकर कोतवाल का घोड़ा चल रहा था। इसके अलावा मां दुर्गा, राधा-कृष्ण, भगवान शंकर-पार्वती और मां सरस्वती की आकर्षक झांकियां निकाली गईं। अग्रवाल समाज की महिलाएं, बच्चे और पुरुष बैंड-बाजों की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे।
शोभायात्रा साहूकारा से शुरू होकर बक्सरिया, भारत माता मंदिर और स्टेशन रोड होते हुए आश्रम पेट्रोल पंप तक पहुंची। रास्ते में साहूकारा मोड़ पर जलपान की व्यवस्था की गई। स्वर्गीय विधायक श्याम बिहारी लाल के पुत्र ईशान ग्वाल और पूर्व पालिका अध्यक्ष हरिओम गुप्ता ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष प्रतुल अग्रवाल, महामंत्री नितिन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष तुषार अग्रवाल सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। शोभायात्रा के समापन के बाद अग्रवाल सेवा कमेटी ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस एवं प्रशासन की व्यवस्था रही।