कन्नौज में कंप्यूटर प्रशिक्षण और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, पीड़ितों ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

टेन न्यूज़ !! १४ अक्टूबर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, लोकेशन कन्नौज, उत्तर प्रदेश।
जनपद कन्नौज में कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर संस्थान के संचालकों पर धनराशि लेने, नेटवर्क मार्केटिंग का कार्य कराने और विरोध करने पर धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अपनी धनराशि वापस दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
आपको बताते चलें कि प्रार्थना पत्र के अनुसार, कई छात्र-छात्राएं सरायमीरा स्थित राजधानी होटल के सामने संचालित गुरुकुल इंस्टीट्यूट ऑफ आईटी मैनेजमेंट से कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं नौकरी प्राप्त करने के उद्देश्य से जुड़े थे। आरोप है कि संस्थान के संचालक प्रवीण मिश्रा और अंश कटियार ने कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे धनराशि जमा कराई।
पीड़ितों का आरोप है कि बाद में उन्हें प्रशिक्षण और नौकरी दिलाने के बजाय नेटवर्क मार्केटिंग का कार्य कराया जाने लगा। विरोध करने पर कथित तौर पर पैंट-शर्ट पहनकर आने के लिए कहा गया। जब पीड़ितों ने अपनी जमा धनराशि वापस मांगी, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायत करने पर सरायमीरा पुलिस चौकी में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़ितों का कहना है कि उन पर आरोपियों के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा न करने पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की किसी सक्षम एवं निष्पक्ष पुलिस अधिकारी से जांच कराने, कंप्यूटर प्रशिक्षण और नौकरी के नाम पर ली गई धनराशि से संबंधित रसीदों, बैंक एवं यूपीआई लेनदेन तथा अन्य अभिलेखों की जांच कराकर धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल, प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट। नमस्कार।