कन्नौज में हाईस्कूल की छात्रा सृष्टि बनीं एक दिन की डीएम, सुनीं जनसमस्याएं![]()
टेन न्यूज ।। 16 अक्टूबर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। हाईस्कूल परीक्षा में 94.43 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली गुरसहायगंज निवासी सृष्टि ने एक दिन की जिलाधिकारी बनकर जनसुनवाई की और फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत आयोजित इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करना है।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की पहल पर एक दिन की डीएम बनीं सृष्टि ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का नियमानुसार त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दैवीय आपदा में क्षतिग्रस्त आवास के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मांगने वाली निशा के प्रकरण की जांच कर पात्रता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा। वहीं, धीरेन्द्र के अनुरोध पर वारिसान प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया।
छिबरामऊ निवासी दीपक कुमार की सफाईकर्मी से संबंधित शिकायत पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बुजुर्ग महिला जहानवती के अपने पुत्र का स्थानांतरण कराने संबंधी अनुरोध पर भी संज्ञान लिया गया। इस दौरान सृष्टि ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इसके अलावा ग्राम पंचायत बस्ता, विकासखंड उमर्दा और ग्राम पंचायत द्वारिकापुरी, विकासखंड छिबरामऊ में अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण के लिए प्रति स्थल 24.36 लाख रुपये की दर से कुल 48.72 लाख रुपये के प्रस्ताव को अनुमोदन दिया गया।
सृष्टि ने कहा कि एक दिन की जिलाधिकारी बनने का अनुभव उनके लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने इसे छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और जनसेवा की भावना विकसित करने वाली पहल बताया।