• Sat. Oct 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तीन सप्ताह तक जिंदगी से जूझने के बाद उज्ज्वल ने लखनऊ में तोड़ा दम

ByTen News One Desk

Oct 17, 2026
6 Views

तीन सप्ताह तक जिंदगी से जूझने के बाद उज्ज्वल ने लखनऊ में तोड़ा दम


अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुआ था बाइक सवार, मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम


टेन न्यूज ।। 17 अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। जनपद के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर जगतपुर गांव के सामने करीब 22 दिन पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार उज्ज्वल उर्फ बउआ की शुक्रवार को लखनऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, बाबरपुर के पटेल नगर निवासी उज्ज्वल 23 सितंबर की रात करीब 11:57 बजे बाइक से औरैया से इटावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-19 पर जगतपुर गांव के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया। वहां हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ले गए। इसके बाद से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। करीब तीन सप्ताह तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिजन मनोज और अंकित के अनुसार, उपचार के दौरान उज्ज्वल की मौत हो गई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार देर रात तक शव बाबरपुर स्थित घर पहुंचा। शनिवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

युवक की असमय मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे के बाद परिवार की उम्मीदें उपचार के दौरान उनसे जुड़ी थीं, लेकिन आखिरकार जिंदगी की जंग में उज्ज्वल हार गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!