मीरानपुर कटरा में मानवता की मिसाल, घायल गोवंश और बच्चे को पहुंचाया गौशाला

अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ करीब एक माह का बछड़ा, पत्रकार की सूचना पर मौके पर पहुंचे गौरक्षक
टेन न्यूज़ !! २१ अक्टूबर २०२६ !! पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। नगर के ओवरब्रिज पर अनीस हेयर सैलून के सामने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से करीब एक माह का गोवंश का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर बुरी तरह जख्मी थे और खून बह रहा था। घायल गोवंश को तड़पता देखकर वहां से गुजर रहे पत्रकार पप्पू अंसारी ने तत्काल गौरक्षक संघ के कृष्ण गंगवार को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कृष्ण गंगवार ने तत्परता दिखाते हुए डॉक्टर को मौके पर भेजा। डॉक्टर ने घायल गोवंश के बच्चे का उपचार किया। इसके बाद घायल गोवंश और उसके बच्चे को सुरक्षित गौशाला पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
स्थानीय लोगों ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
इस दौरान अनीश सलमानी और शकील साइकिल वालों ने घायल गोवंश को पकड़ने और डॉक्टर को उपचार करने में सहयोग दिया। सभी के संयुक्त प्रयास से घायल बेजुबान जीव को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी और उसे गौशाला पहुंचाने की व्यवस्था हुई।
घायल गोवंश की मदद के लिए आगे आए लोगों के इस प्रयास की सराहना की जा रही है। उन्होंने संकट में पड़े बेजुबान जीव की सहायता कर मानवता, करुणा और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया।
यह घटना बताती है कि समय पर मिली सूचना और लोगों के सामूहिक प्रयास से किसी बेजुबान की जान बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।