तिलहर में पग्धार शोभायात्रा में उमड़े हजारों श्रद्धालु, मां दुर्गा के नौ स्वरूप और भगवान शिव की भस्म आरती रहे आकर्षण का केंद्र
टेन न्यूज़ ।। 21 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना संवाददाता
तिलहर (शाहजहांपुर)। नगर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा की वार्षिक पग्धार शोभायात्रा धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। मोहल्ला बहादुरगंज स्थित देवस्थान मंदिर से पूजा कमेटी की देखरेख में निकली शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। पूरे नगर में माता रानी के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।![]()
शोभायात्रा में भगवान शिव की भस्म आरती, भगवान गणेश और मां दुर्गा के नौ स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा नगर के विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरी। रास्ते में पड़ने वाले मंदिरों पर श्रद्धालुओं ने जलधार अर्पित कर पूजा-अर्चना की और माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की। जगह-जगह भक्तों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा वापस देवस्थान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मंदिर परिसर में मां दुर्गा का हवन-पूजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद देर रात तक भंडारे का आयोजन चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।![]()
आयोजन के दौरान सौरभ गुप्ता रवि, सभासद सत्येंद्र सिंह, पूर्व नगरपालिका सभासद विकास गुप्ता, राम सुशील प्रजापति और उमाशंकर तिवारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली प्रभारी प्रभाष चंद्र भारी पुलिस बल के साथ यात्रा संपन्न होने तक मौजूद रहे। पुलिस की निगरानी में शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।