• Fri. Nov 13th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जनगणना-2027 को लेकर कन्नौज में चलाया जागरूकता अभियान

ByTen News One Desk

Nov 13, 2026
28 Views

जनगणना-2027 को लेकर कन्नौज में चलाया जागरूकता अभियान


पुलिसकर्मियों, राशन कोटेदारों, पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों को दी गई स्व-गणना की जानकारी


टेन न्यूज़ !! १३ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,

कन्नौज। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों और स्व-गणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशन में शुक्रवार को जनपद में दो विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, राशन कोटेदारों, पेट्रोल पंप मालिकों और गैस एजेंसी संचालकों को जनगणना की प्रक्रिया समझाई गई तथा प्रश्नावली की प्रतियां वितरित की गईं।

पहला कार्यक्रम पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की अध्यक्षता में हुआ। इसमें पुलिसकर्मियों को जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियों और गणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों की जानकारी दी गई।

दूसरा कार्यक्रम राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा और उपजिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इसमें राशन कोटेदारों, पेट्रोल पंप मालिकों और गैस एजेंसी संचालकों को स्व-गणना के बारे में विस्तार से बताया गया।

जनगणना जिला प्रभारी अंशु साहू की उपस्थिति में मास्टर ट्रेनर सस्मित द्विवेदी और मृदुल मिश्रा ने स्व-गणना की प्रक्रिया, निवास स्थान की सही जियो-टैगिंग और प्रश्नावली से जुड़े बिंदुओं को समझाया। बताया गया कि उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आमजन se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से घर बैठे स्व-गणना कर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर मिलने वाली एसई आईडी सुरक्षित रखनी होगी और घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी।

अधिकारियों ने बताया कि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। प्रश्नावली की प्रतियां उपलब्ध कराने का उद्देश्य लोगों को पूछे जाने वाले प्रश्नों की पहले से जानकारी देना है, ताकि वे अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण तैयार रख सकें। कलेक्ट्रेट की ओर से प्रगणकों को भी प्रश्नावली दी जा रही है।

कार्यक्रम में बताया गया कि जनगणना के दौरान एकत्र की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत गोपनीय रखी जाती है। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से अपने संपर्क में आने वाले लोगों को जागरूक करने और जनगणना-2027 में सहयोग करने की अपील की।

कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!