• Sat. Nov 14th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जनगणना-2027 को लेकर डीएम ने 97 नोडल अधिकारियों के साथ की बैठक

ByTen News One Desk

Nov 14, 2026
4 Views

जनगणना-2027 को लेकर डीएम ने 97 नोडल अधिकारियों के साथ की बैठक


16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना, एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; पांच से नौ जनवरी तक होगा पुनरीक्षण


टेन न्यूज़ !! १४ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर, । भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी व्यक्तियों की गणना को समयबद्ध और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद के नामित 97 जनगणना नोडल अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़े दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे कराने और जनगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने पर जोर दिया।

बैठक में जनगणना कार्यक्रम की समय-सारणी की जानकारी देते हुए बताया गया कि स्व-गणना का कार्य 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक होगा। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से संबंधित सूचनाएं एकत्र करेंगे। वहीं, पांच जनवरी से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण का कार्य कराया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी अरविन्द कुमार ने नामित अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया के तकनीकी पहलुओं और निर्धारित समय-सारणी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने की अपेक्षा जताई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार सहित जनपद के सभी नामित जनगणना नोडल अधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!