आकर्षक झांकियों और सजी बग्गियों के साथ निकली श्रीराम बारात

नगर में जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा, श्रद्धालुओं ने किए भगवान श्रीराम के दर्शन
टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना ,
तिलहर/ शाहजहांपुर। नगर के मोहल्ला दोदराजपुर स्थित श्रीरामलीला कमेटी की ओर से बृहस्पतिवार को श्रीराम बारात धार्मिक उल्लास और धूमधाम के साथ निकाली गई। बरेली से आए कलाकारों द्वारा सजाई गई भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, राजा दशरथ सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी बारात का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
श्रीराम बारात का शुभारंभ शाम पांच बजे मोहल्ला हिंदू पट्टी निवासी सोनू खन्ना के आवास से हुआ। बरेली से आए कलाकारों ने विभिन्न देव स्वरूपों को आकर्षक ढंग से सजाया। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और राजा दशरथ सहित अन्य स्वरूपों को सुसज्जित बग्गियों में विराजमान कराया गया। इसके बाद बैंड-बाजे और धार्मिक धुनों के बीच शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई।![]()
बारात के प्रमुख मार्गों से गुजरने के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया। श्रद्धालुओं में भगवान श्रीराम के दर्शन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। लोगों ने झांकियों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। देर रात नगर भ्रमण के बाद बारात का समापन हुआ।
इस दौरान मेला कमेटी के संरक्षक कमलेश गुप्ता उर्फ पप्पू, प्रबंधक सोनू खन्ना, मेला अध्यक्ष हितेश गुप्ता उर्फ रिंकू, मेला आयोजक विपिन खन्ना, सौरभ गुप्ता उर्फ रवि, प्रभात सक्सेना उर्फ सोनू, अमुक सक्सेना सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।