• Mon. Nov 16th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज डबल मर्डर का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दोहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

ByTen News One Desk

Nov 16, 2026
6 Views

कन्नौज डबल मर्डर का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दोहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार


पति-पत्नी की हत्या और दो वर्षीय बच्ची को घायल करने का आरोप, पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली


टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,

कन्नौज। गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर सरकारी आवास में हुए पति-पत्नी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना गुरसहायगंज और एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम ने रविवार 15 नवंबर को कसारी जंगल में मुठभेड़ के दौरान 23 वर्षीय आरोपी योगेश राजपूत उर्फ पंगा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:15 बजे डायल-112 पर ज्योतिष कुमार ने सूचना दी थी कि गुरसहायगंज कस्बे के पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सरकारी आवास में उनके भाई और भाभी की हत्या कर दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस को आवास के अंदर संजीव कठेरिया (35) और उनकी पत्नी शिखा (32) के शव मिले थे। शिखा के गले पर साड़ी या दुपट्टे से कसाव के निशान थे, जबकि संजीव के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए थे। उनकी दो वर्षीय बेटी तान्या घायल अवस्था में मिली थी, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था।

मृतक संजीव कठेरिया गुरसहायगंज रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरण का काम करते थे और पुराने पीएचसी के जर्जर आवास में परिवार के साथ रहते थे। मामले में ज्योतिष कुमार की तहरीर पर मुकदमा संख्या 546/2026 धारा 103(1) और 109(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए गुरसहायगंज पुलिस के साथ एसओजी-सर्विलांस तथा अन्य थानों की पांच टीमें लगाई गई थीं।

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर योगेश राजपूत उर्फ पंगा पुत्र अवनीश कुमार निवासी भोजापुर, थाना तालग्राम का नाम सामने आया। 15 नवंबर को दोपहर 2:42 बजे पुलिस को उसके कसारी जंगल में मौजूद होने की सूचना मिली। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया।

पूछताछ में चोरी के इरादे से घर में घुसने की बात कबूली

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन के आसपास आता-जाता था और संजीव को टिकट बिक्री के रुपये लेकर जाते हुए देखता था। इसी वजह से उसने 4 और 5 नवंबर की रात चोरी के इरादे से पुराने पीएचसी स्थित आवास में प्रवेश किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने संजीव पर डंडे से हमला किया। इसके बाद शिखा के विरोध करने और फोन करने का प्रयास करने पर उसका मोबाइल छीन लिया। आरोपी ने शिखा के साथ मारपीट कर दुपट्टे से गला कसने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को भी चोट पहुंचाई और वहां रखे पर्स से करीब पांच हजार रुपये तथा संजीव का एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना तालग्राम में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर घटना के समय पहने खून लगे कपड़े, हत्या में प्रयुक्त डंडा, चोरी की रकम और एटीएम कार्ड बरामद करने के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट, टेन न्यूज़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!