अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच की मांग, डीएम-एसपी से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल
15 सदस्यीय दल ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई और गिरफ्तार बच्ची के भविष्य को ध्यान में रखकर न्याय दिलाने की उठाई मांग
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। छिबरामऊ के अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग उठाई है। मंगलवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं एआईसीसी सदस्य राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि आठ नवंबर 2026 को छिबरामऊ में हुई घटना बेहद निंदनीय है। कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग रखी। साथ ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई बच्ची के भविष्य को ध्यान में रखते हुए न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेने और किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव किए बिना कानून के अनुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए, ताकि न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव विजय मिश्र, जिलाध्यक्ष मो. शाकिर हुसैन, पूर्व जिलाध्यक्ष ऊषा दुबे, प्रमोद शाक्य, शशिकांत गुप्ता, एहसानुल हक, फैसल खान, अरविंद दुबे, पुष्पेंद्र पांडेय, असगर हुसैन, प्रवल प्रताप, रमाकांत कटियार, विकास मिश्र और शिवम मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।