खटीमा में चाय की टपरी पर पहुंचे सीएम धामी, खुद बनाई चाय

स्थानीय लोगों से किया संवाद, समस्याएं सुनीं और योजनाओं का लिया फीडबैक
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो , उधमसिंहनगर उत्तराखंड
खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार सुबह खटीमा के झनकइया क्षेत्र में एक अलग अंदाज में नजर आए। छठ महापर्व के कार्यक्रमों और जनसंपर्क भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री अचानक स्थानीय शंकर चाय वाले की टपरी पर पहुंच गए। यहां उन्होंने अपने हाथों से चाय बनाई और मौजूद लोगों को पिलाने के साथ खुद भी चाय का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री को अचानक चाय की दुकान पर अपने बीच देखकर स्थानीय लोग और राहगीर उत्साहित नजर आए। इस दौरान चाय की चुस्कियों के बीच मुख्यमंत्री ने दुकानदारों, युवाओं और क्षेत्रीय नागरिकों से अनौपचारिक बातचीत की। उन्होंने लोगों का हालचाल जाना और उनकी स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को लेकर भी लोगों से फीडबैक लिया। आम लोगों के बीच बैठकर सहजता से संवाद करने के उनके अंदाज की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।