• Wed. Nov 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शक्तिफार्म से 22 वर्षीय युवक लापता, मां ने पुलिस से लगाई गुहार

ByTen News One Desk

Nov 18, 2026
4 Views

शक्तिफार्म से 22 वर्षीय युवक लापता, मां ने पुलिस से लगाई गुहार


बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था संजू मृदा, मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास मिला मोबाइल


टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो ,

शक्तिफार्म (ऊधमसिंह नगर)/उत्तराखंड । सितारगंज क्षेत्र के गोविंदनगर पाड़ा गांव निवासी 22 वर्षीय युवक संजू मृदा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवक की मां माधवी मृदा ने कोतवाली सितारगंज में प्रार्थना पत्र देकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज करने और उसकी तलाश कराने की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, संजू बीती 7 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे घर से पाड़ा गांव बाजार जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मां ने बताया कि बेटे के मोबाइल पर फोन करने पर वह बंद मिला।

माधवी मृदा के मुताबिक, उसी दिन शाम करीब चार बजे दोबारा मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के एक कर्मचारी ने फोन उठाया। कर्मचारी ने बताया कि मोबाइल स्टेशन के पास जूते सिलने वाले एक व्यक्ति को मिला था, जिसने उसे स्टेशन पर जमा करा दिया था। इसके बाद परिजन मुरादाबाद पहुंचकर मोबाइल ले आए।

मां ने तहरीर में बताया कि मोबाइल में कुछ लेनदेन से जुड़ी जानकारी भी मिली है। इसमें एक मैजिक वाहन और रुद्रपुर से मुरादाबाद तक की यात्रा से संबंधित लेनदेन का उल्लेख बताया गया है। हालांकि, इन जानकारियों से युवक के लापता होने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

तहरीर में संजू का हुलिया बताते हुए कहा गया है कि उसकी उम्र करीब 22 वर्ष, रंग सांवला, चेहरा गोल और लंबाई लगभग पांच फीट सात इंच है। शरीर इकहरा है। घर से निकलते समय उसने लाल-सफेद चेकदार शर्ट, हरे रंग की पैंट और पैरों में चप्पल पहन रखी थी।

मां ने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर जल्द तलाश कराने की गुहार लगाई है।

रिपोर्ट: अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो ऊधमसिंह नगर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!