राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने किया शाहजहांपुर का दौरा

महिला जनसुनवाई में मिलीं 15 शिकायतें, जिला कारागार की महिला बैरक का किया निरीक्षण; मदनापुर में जागरूकता चौपाल लगाकर योजनाओं की दी जानकारी
टेन न्यूज़ !! २० नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने शुक्रवार को जनपद का दौरा कर महिला जनसुनवाई, जिला कारागार निरीक्षण और महिला कल्याण योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई में महिलाओं की 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयोग की सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में 15 शिकायतें मिलीं
विकास भवन सभागार में जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार की मौजूदगी में महिला जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें आयोग की सदस्य ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं। प्राप्त शिकायतों में घरेलू हिंसा के चार, जमीन विवाद के दो, पॉक्सो से संबंधित एक, हत्या के मामले में गिरफ्तारी से जुड़ा एक, नाली विवाद का एक, मारपीट का एक, आंगनबाड़ी भर्ती से संबंधित एक और राशन कार्ड का एक मामला शामिल रहा। इसके अलावा तीन अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
सुजीता कुमारी ने कहा कि महिलाओं को अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराने में संकोच नहीं करना चाहिए। प्रशासनिक अधिकारियों को भी महिलाओं की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
महिला बैरक का किया निरीक्षण![]()
दौरे के दौरान आयोग की सदस्य ने जिला कारागार की महिला बैरक का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बंदियों की स्थिति और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि महिला बंदियों को आवश्यक कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुधारात्मक कार्यक्रमों का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार, जेल अधीक्षक जेपी तिवारी, जेलर राम नरेश गौतम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
मदनापुर में जागरूकता चौपाल, योजनाओं की समीक्षा
इसके बाद ब्लॉक मदनापुर परिसर में जागरूकता चौपाल आयोजित की गई। महिला कल्याण, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर संचालित योजनाओं की जानकारी दी। आयोग की सदस्य ने स्टॉल का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
ब्लॉक सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों, आशा कार्यकर्ताओं, केयरटेकर और ब्लॉक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी हुई। इसमें महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, तीन बच्चों का अन्नप्राशन और तीन बालिकाओं का कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। सुजीता कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख महेश पाल सिंह, खंड विकास अधिकारी इंद्र कुमार शुक्ला, एडीओ रामचंद्र राणा, प्रभारी थानाध्यक्ष विजय पाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और महिला कल्याण विभाग की टीम मौजूद रही। जनसुनवाई में महिला थाना प्रभारी रश्मि, जिला कार्यक्रम अधिकारी उत्तम कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. करन सिंह और जिला सूचना अधिकारी बाबूराम सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।