मंत्रोच्चार के बीच 63 बटुकों ने धारण किया जनेऊ, आनंदेश्वर धाम में गूंजे वैदिक मंत्र

मानीमऊ के ऋषि नगर आश्रम में दो चरणों में संपन्न हुआ सामूहिक उपनयन संस्कार, महामंडलेश्वर कौशलानंदगिरि महाराज ने बताया आयोजन का उद्देश्य
टेन न्यूज़ !! २० नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। जिले के मानीमऊ स्थित ऋषि नगर के आनंदेश्वर धाम आश्रम में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच 63 बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया गया। हवन की आहुतियों और वेद मंत्रों से आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
जूना अखाड़ा नंबर-1 के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 कौशलानंदगिरि महाराज ने बताया कि आश्रम में प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की गई। इसमें 21 कुंडीय यज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा और बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार प्रमुख रहे।![]()
उन्होंने बताया कि उपनयन संस्कार दो चरणों में संपन्न कराया गया। पहले चरण में 16 बटुकों ने जनेऊ धारण किया, जबकि दूसरे चरण में 47 बटुकों का संस्कार कराया गया। इस तरह कुल 63 बटुक वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञोपवीत संस्कार से जुड़े।
आचार्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन कर वैदिक मंत्रों के बीच बटुकों को यज्ञोपवीत धारण कराया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उपनयन संस्कार बालक के जीवन में शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और आध्यात्मिक जिम्मेदारियों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
महामंडलेश्वर कौशलानंदगिरि महाराज ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और वैदिक संस्कारों से जोड़ना है, ताकि युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझे और उसे आगे बढ़ाए।