तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध गंभीर घायल

टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! राकेश सिंह ,
सुलतानपुर। हलियापुर-कूड़ेभार मार्ग पर पूरे चुड़िहार के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार 60 वर्षीय साबित अली उर्फ लल्ली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दर्शन नगर अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार साबित अली अपनी दुकान से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान हलियापुर की ओर से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।