कसरक रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन की चपेट में आकर अज्ञात युवक की मौत

हादसे के बाद राजधानी एक्सप्रेस आधे घंटे और पैसेंजर ट्रेन 45 मिनट रुकी, शव की शिनाख्त नहीं
टेन न्यूज़ !! २३ नवम्बर २०२६ !! पप्पू अंसारी ,
मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। कसरक रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसा बंद रेलवे फाटक के पास अपलाइन पर हुआ। घटना के चलते रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। लखनऊ से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस को मीरानपुर कटरा स्टेशन पर करीब आधे घंटे और रोजा से बरेली जा रही पैसेंजर ट्रेन को करीब 45 मिनट रोककर निकाला गया।![]()
रेलवे स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद हनीफ के अनुसार, रविवार को कसरक रेलवे क्रॉसिंग के पास अपलाइन पर वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। ट्रेन के लोको पायलट की सूचना पर रेलवे की ओर से मेमो भेजा गया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रेलवे ट्रैक से शव हटवाया और शिनाख्त के लिए किनारे रखवाया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम एवं शिनाख्त की प्रक्रिया के लिए शाहजहांपुर भिजवा दिया। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।![]()
थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सेंगर ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।