यज्ञ करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं : आचार्य जितेंद्र आर्य

आर्य समाज तिलहर का साप्ताहिक कार्यक्रम यज्ञ के साथ संपन्न, पर्यावरण संरक्षण और अच्छे कर्मों का दिया संदेश
टेन न्यूज़ !! २३ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना ,
तिलहर, शाहजहांपुर। आर्य समाज मंदिर तिलहर में साप्ताहिक कार्यक्रम का आयोजन यज्ञ के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आचार्य जितेंद्र सिंह आर्य ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यज्ञ सर्वश्रेष्ठ कर्म है। यज्ञ करने वाले व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण एक गंभीर समस्या है। यज्ञ वातावरण को शुद्ध और सुगंधित बनाने में सहायक है। भगवान राम और श्रीकृष्ण के समय में घर-घर प्रतिदिन यज्ञ किए जाते थे। हमें भी अपने पूर्वजों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए परिवार में नियमित रूप से यज्ञ करना चाहिए।
आचार्य ने कहा कि प्रत्येक अच्छा कार्य मनुष्य को आनंद प्रदान करता है, जबकि गलत कार्य करने से भय और लज्जा उत्पन्न होती है। इसलिए सभी को जीवन में अच्छे कर्म करते रहना चाहिए।
कार्यक्रम में आर्य समाज के मंत्री लोकेश आर्य ने स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा रचित पुस्तकों ऋग्वेदादिभाष्य भूमिका और सत्यार्थ प्रकाश के विचारों के माध्यम से गृहस्थाश्रम का वैदिक व्यवस्था के अनुसार पालन करने तथा अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित किया। उदित आर्य ने ईश्वर भक्ति का भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रबंधक दासीराम आर्य, विष्णु मौर्य, अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।