नानक जयंती पर गूंजा सतनाम श्री वाहेगुरु, श्रद्धा और आस्था में डूबा नानकमत्ता

प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग; जगह-जगह लगाए गए लंगर
टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो ,
नानकमत्ता, ऊधम सिंह नगर/उत्तराखंड। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर नानकमत्ता में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा नगर सतनाम श्री वाहेगुरु के जयकारों से गूंज उठा। प्रकाश पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
नगर कीर्तन के दौरान संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाकर सुख-शांति और समृद्धि की अरदास की। नगर कीर्तन जिस मार्ग से गुजरा, वहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर संगत का स्वागत किया। श्रद्धालु भक्ति भाव से नगर कीर्तन में शामिल हुए और गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाते रहे।
नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा के लिए नगर में जगह-जगह लंगर की व्यवस्था की गई। कहीं मिष्ठान वितरित किया गया तो कहीं गन्ने के रस, चाय, बूंदी और पकौड़ों की सेवा की गई। अटूट लंगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।![]()
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में भी सुबह से ही संगत के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने गुरु घर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को एकता, भाईचारे, सेवा और समानता का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और मानव सेवा की राह दिखाई। उनका संदेश आज भी समाज को आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा देता है।
प्रकाश पर्व के अवसर पर नानकमत्ता में धार्मिक उत्साह और सेवा भावना का विशेष नजारा देखने को मिला। पूरा क्षेत्र गुरु भक्ति और वाहेगुरु के जयकारों से भक्तिमय बना रहा।
वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।
रिपोर्ट: अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड।