• Wed. Nov 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

खटीमा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, एसपी सिटी ने हॉटस्पॉट्स का किया निरीक्षण

ByTen News One Desk

Nov 25, 2026
15 Views

खटीमा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, एसपी सिटी ने हॉटस्पॉट्स का किया निरीक्षण


गैंगस्टर और पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश, अवैध संपत्तियों और बैंक खातों की भी होगी जांच


टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो ,

खटीमा, ऊधम सिंह नगर/उत्तराखंड । जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में रुद्रपुर के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने पुलिस टीम के साथ खटीमा क्षेत्र के चिह्नित नशा हॉटस्पॉट्स का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने प्रभारी निरीक्षक कमल लुंठी सहित पुलिस अधिकारियों को नशा उन्मूलन अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसपी सिटी ने नशा तस्करों की ओर से अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई करने को कहा। साथ ही संदिग्ध लेनदेन और बैंक खातों की जांच कर आवश्यकतानुसार उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सूची में शामिल अभियुक्तों का सत्यापन करने, उनके डोजियर अपडेट करने और आपराधिक गतिविधियों के आधार पर हिस्ट्रीशीट खोलने को भी कहा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।

नशे की तस्करी रोकने के लिए रेलवे स्टेशन, ट्रेनों, हॉस्टल और भारत-नेपाल सीमा की चेकपोस्टों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

एसपी सिटी ने नशे के खिलाफ जागरूकता और पुनर्वास पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने 1933 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का तत्काल सत्यापन करने, पुनर्वास केंद्रों का निरीक्षण करने और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, निरीक्षक विकास कुमार सहित खटीमा पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण के साथ सीमावर्ती इलाकों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!