अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी गंभीर घायल

खुदागंज थाना प्रभारी ने सरकारी वाहन से पहुंचाया अस्पताल, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
टेन न्यूज़ !! २६ नवम्बर २०२६ !! पप्पू अंसारी ,
मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। कटरा-खुदागंज मार्ग पर ग्राम फतेहपुर के सामने बुधवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे खुदागंज थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य ने घायल महिला को अपनी सरकारी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर कटरा पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, तिलहर थाना क्षेत्र के ग्राम लखुआ निवासी रामकृष्ण (30) बुधवार शाम करीब छह बजे अपनी पत्नी लता के साथ बाइक से खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम हरदेनी स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। रास्ते में ग्राम फतेहपुर के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामकृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लता गंभीर रूप से घायल हो गईं।![]()
हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना घायल महिला को सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद लता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शाहजहांपुर भेज दिया। हादसे के बाद थाना प्रभारी की तत्परता और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।