पत्नी और सात वर्षीय बेटी के लापता होने पर राधेश्याम ने डीआईजी से लगाई गुहार

वसीम खान पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से की तलाश कराने की मांग
टेन न्यूज़ !! २६ नवम्बर २०२६ !! राकेश कुमार ब्यूरो ,
बरेली। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम रेहरा निवासी राधेश्याम ने अपनी पत्नी और सात वर्षीय बेटी के लापता होने के मामले में बरेली के डीआईजी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने वसीम खान नामक युवक पर उसकी पत्नी सोनी कुमारी और बेटी संध्या (7) को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है।
राधेश्याम के मुताबिक, वह मजदूरी करने गया था। शाम को घर लौटने पर उसकी पत्नी और बेटी घर पर नहीं मिलीं। इसके बाद उसने कटरा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। राधेश्याम का कहना है कि जानकारी जुटाने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी वसीम खान से बातचीत करती थी। इसी आधार पर उसे आशंका है कि दोनों को वही अपने साथ ले गया है।![]()
पीड़ित ने परेशान होकर बरेली डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर पत्नी और बेटी की तलाश कराने तथा न्याय दिलाने की मांग की। राधेश्याम के अनुसार, डीआईजी ने उसे न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
रिपोर्टर: राकेश कुमार रामवीर