• Thu. Nov 26th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

एलबीजेपी इंटर कॉलेज में तहसील स्तरीय वार्षिक क्रीड़ा महोत्सव आयोजित

ByTen News One Desk

Nov 26, 2026
1 Views

एलबीजेपी इंटर कॉलेज में तहसील स्तरीय वार्षिक क्रीड़ा महोत्सव आयोजित


200 मीटर दौड़ में दिव्यांशी राजपूत और अंशुमान ने मारी बाजी, उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से धीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा सम्मानित


टेन न्यूज़ !! २६ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना

तिलहर, शाहजहांपुर। एलबीजेपी इंटर कॉलेज में बुधवार, आनंद सहाय वार्षिक क्रीड़ा महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। तहसील स्तरीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष शिव मुरारी सहाय, उपाध्यक्ष सत्यपाल गंगवार, प्रबंधक गौरव सहाय, शैक्षिक निदेशक डॉ. दिवाकर शर्मा और प्रधानाचार्य भारत भूषण ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान स्वर्गीय आनंद सहाय के चित्र पर माल्यार्पण और शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाए गए। एनसीसी कैडेट्स ने मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।

प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आरवीएम इंटर कॉलेज और एलबीड़ी गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक और चक्का फेंक जैसी प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित की गईं।

200 मीटर जूनियर बालिका वर्ग में एलबीजेपी इंटर कॉलेज की दिव्यांशी राजपूत ने प्रथम, एलबीड़ी गर्ल्स इंटर कॉलेज की गौरी ने द्वितीय और आरवीएम इंटर कॉलेज की पृष्टि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में एलबीजेपी के अंशुमान प्रथम, श्याम द्वितीय और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के रचित यादव तृतीय स्थान पर रहे। 100 मीटर जूनियर बालक वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर के निमेष यादव प्रथम, अर्जुन द्वितीय और एलबीजेपी के वीर वर्मा तृतीय रहे। सीनियर बालिका वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में एलबीड़ी गर्ल्स इंटर कॉलेज की मुस्कान प्रथम, शालिनी द्वितीय और एलबीजेपी की काजल तृतीय रहीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अजय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। वहीं, अध्यक्ष शिव मुरारी सहाय ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास और अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं। शैक्षिक निदेशक डॉ. दिवाकर शर्मा ने खेल भावना और हार-जीत को सहजता से स्वीकार करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में गणित के सहायक अध्यापक धीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा को सत्र 2026-27 के लिए उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। विद्यालय स्टाफ के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का संचालन मुनेश कुमार सिंह और शाहिद अली ने किया। संयोजक देवेंद्र पाल तथा क्रीड़ा अधिकारी प्रतिपाल ने प्रतिभागियों को बधाई दी। अंत में आशीष कुशवाहा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!