हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर परिजनों ने रोका अंतिम संस्कार
बिजली विभाग के अधिकारियों ने खंभा शिफ्ट करने और तारों की ऊंचाई बढ़ाने का दिया आश्वासन
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो,
औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के इटैली गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप था कि बिजली के तार नीचे होने के कारण हादसा हुआ। बिजली विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
जानकारी के अनुसार, इटैली गांव निवासी योगेश (28) पुत्र जगरूप सिंह अपने निर्माणाधीन मकान में चाली लगाने के लिए लोहे का पाइप लगा रहे थे। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से योगेश गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें निजी वाहन से भरथना के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर सैफई रेफर कर दिया गया। सैफई में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिजली के तार नीचे होने को हादसे का कारण बताते हुए मुआवजे की मांग की और अंतिम संस्कार रोक दिया। वे बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर अछल्दा थाने भी पहुंचे।
सूचना पर थाना प्रभारी जीतमल चौधरी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को समझाया। इसके बाद कुदरकोट के एसडीओ सत्येंद्र कुमार, जेई जितेंद्र कुमार तथा अछल्दा के एसडीओ संजीव निरंजन और जेई धीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उचित मुआवजा दिलाने, बिजली के खंभे को दूसरी जगह शिफ्ट कराने और तारों की ऊंचाई बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।
युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पत्नी अलका का रो-रोकर बुरा हाल है। योगेश अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया