पीलीभीत: दो दिन से गन्ना तौल का इंतजार कर रहे किसान, ट्रॉलियों में सूख रहा गन्ना

ठेकेदार की कथित मनमानी से किसानों में आक्रोश, दिन-रात ट्रॉलियों की रखवाली करने को मजबूर अन्नदाता
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो,
पीलीभीत। जनपद के हरदासपुर ग्राम पंचायत के मजरा कोलारा फार्म में गन्ना किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। गन्ना क्रय केंद्र पर पिछले दो दिनों से तौल नहीं होने के कारण किसान परेशान हैं। केंद्र पर गन्ने से भरी ट्रॉलियां खड़ी हैं और समय से तौल न होने के चलते उनमें लदा गन्ना सूखने लगा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।
किसानों का आरोप है कि ठेकेदार पिछले दो दिनों से केंद्र पर नहीं पहुंचा है और न ही गन्ने की तौल शुरू कराई गई है। किसान लगातार फोन के माध्यम से अपनी समस्या से ठेकेदार को अवगत करा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। मजबूरी में किसानों को दिन-रात अपनी गन्ने से भरी ट्रॉलियों की रखवाली करनी पड़ रही है। इससे उनका समय और मेहनत दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
मामले में जब सेंटर इंचार्ज से तौल शुरू होने के बारे में जानकारी ली गई तो उन्होंने भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उनका कहना था कि उन्हें जानकारी नहीं है कि तौल कब तक शुरू होगी। जिम्मेदारों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से किसानों की नाराजगी और बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि गन्ना क्रय केंद्रों का ठेका ऐसे बाहरी लोगों को दे दिया जाता है, जिन्हें स्थानीय व्यवस्थाओं और किसानों की समस्याओं की जानकारी तक नहीं होती। किसानों ने सवाल उठाया कि जब समय पर गन्ने की तौल नहीं हो सकती तो ऐसे क्रय केंद्रों का क्या औचित्य है?
किसानों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल मामले का संज्ञान लेकर गन्ने की तौल शुरू कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
पीलीभीत जिला ब्यूरो चीफ रामचंद्र सक्सेना, TEN NEWS