अजीतमल में 45 दिन का इंतजार बना मुसीबत! गैस के लिए दर-दर भटक रहे लोग
टेन न्यूज़ ii 12 अप्रैल 2026 ii ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल
औरैया।
अजीतमल क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। शहरी क्षेत्र में रहने के बावजूद ग्रामीण श्रेणी की बाध्यता के कारण लोगों को 45 दिन का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि एक गैस सिलिंडर मुश्किल से 25-30 दिन ही चल पाता है, जबकि दूसरा सिलिंडर लेने के लिए 45 दिन का इंतजार करना पड़ता है। इस स्थिति में परिवारों का चूल्हा समय से पहले ठंडा पड़ने लगा है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति इतनी खराब हो गई है कि कई परिवार मजबूरी में ब्लैक में महंगे दामों पर सिलिंडर खरीद रहे हैं या फिर रिश्तेदारों और पड़ोसियों के कनेक्शन का सहारा ले रहे हैं। गैस एजेंसियों के बाहर रोजाना लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उपभोक्ताओं को यह कहकर लौटा दिया जाता है कि उनका समय अभी पूरा नहीं हुआ है।
अजीतमल निवासी ज्योति ने बताया कि निर्धारित समय से पहले सिलिंडर न मिलने से घर का कामकाज प्रभावित हो रहा है। वहीं शैलेंद्र कुमार का कहना है कि दो दिनों तक लाइन में लगने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
उपभोक्ताओं में इस व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि जब वे सभी शहरी करों का भुगतान कर रहे हैं, तो उन्हें सुविधाएं भी शहरी स्तर की मिलनी चाहिए। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों को शहरी श्रेणी में शामिल कर 45 दिन की अनिवार्यता समाप्त की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
