अम्बेडकर जयंती व बैसाखी पर्व पर शान इंटर कॉलेज कटरा में भव्य कार्यक्रम आयोजित

टेन न्यूज़ ii 13 अप्रैल 2026 ii पप्पू अंसारी
शाहजहांपुर जनपद के नगर मीरानपुर कटरा के शान इंटर कॉलेज में आज भारतीय संविधान के जनक डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती एवं बैसाखी पर्व के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके पश्चात बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। खास तौर पर अंग्रेजी हुकूमत के दौर को दर्शाते हुए प्रस्तुत किए गए नाट्य मंचन ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को इतिहास की झलक दिखाते हुए भावुक कर दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनकी प्रस्तुति की सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर कॉलेज की मैनेजर डॉ. पूजा कसाना एवं प्रधानाचार्य डॉ. अंशिका जार्ज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बाबा साहब ने अपने अथक प्रयासों से समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की अलख जगाई। साथ ही बैसाखी पर्व के महत्व को बताते हुए इसे नई फसल और खुशहाली का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मिलकर राष्ट्रीय गीत “जन-गण-मन” का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति का संचार हो गया। इस प्रकार यह आयोजन प्रेरणा, संस्कृति और राष्ट्रीय भावना का संगम बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
