• Thu. Apr 2nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जनपद के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न

ByTen News One Desk

Apr 21, 2025
215 Views

जनपद के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न



सरकार की मंशा के अनुसार केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, यह सभी संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें – मा. मंत्री जी


गर्मी के मौसम में लोगों को बिना बाधा के निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए


टेन न्यूज़ !! २१ अप्रैल २०२५ !! डीपी सिंह डेस्क@ नीरज शर्मा, शाहजहाँपुर


उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मंत्री जी ने जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास, निर्माण एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की विभागवार लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की गहन समीक्षा की। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति एवं गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त किया तथा अधिशासी अभियंता, जल निगम को निर्देशित किया कि कार्य तेजी से तथा गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं।

उन्होंने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। मा. मंत्री जी ने यह भी निर्देश दिए कि जहां पेयजल पाइपलाइन डालने हेतु सड़कों को काटा गया है, उन्हें शीघ्रताशीघ्र पुनः ठीक कराया जाए। पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

निराश्रित गोवंश संरक्षण पर चर्चा के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 132 गौशालाएं संचालित हैं तथा 8 वृहद गौशालाओं प्रत्येक 3000 क्षमता का निर्माण कराया जा रहा है। मंत्री जी ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजना में प्रदत्त गोवंश की जांच के निर्देश दिए तथा गोवंश को छोड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा।

मत्स्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 1889 तालाबों में से 1403 तालाबों का आवंटन हो चुका है। शेष तालाबों के आवंटन हेतु तहसील स्तर पर कैंप लगाकर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश सहायक मत्स्य को दिए गए।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा में मा. मंत्री जी ने फरार अपराधियों, गुंडा एक्ट, एनडीपीएस सहित अन्य मामलों में लंबित विवेचनाओं की जानकारी ली तथा पुलिस अधीक्षक को सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध कच्ची शराब पर रोक लगाने हेतु प्रभावी कदम उठाने पर बल दिया।

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री जी ने कहा कि तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है, ऐसे में विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुसार बिना रुकावट सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जर्जर तारों, पोलों एवं ट्रांसफार्मरों की मरम्मत व प्रतिस्थापन समय रहते पूरा कर लिया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए। साथ ही, सभी निर्माण कार्य पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण हों। सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए।

औद्योगिक निवेश की जानकारी देते हुए मंत्री जी को उपयुक्त उद्योग ने बताया कि जनपद में अब तक 258 एमओयू साइन किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाएं सुगमता से आमजन तक पहुंचे और उनका लाभ समय से मिले।
उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं अधिक से अधिक बिना भेदभाव के लोगों तक पहुंचे। कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा आम जनमानस में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ मिले।

बैठक में जिला महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, तिलहर विधायक सलोन कुशवाहा, कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *